संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे के कालंद चुंगी चौराहे पर स्थित सरधना भारत गैस एजेंसी में बुधवार सुबह उपभोक्ता गैस सिलिंडर लेने पहुंचे, लेकिन उन्हें पर्ची नहीं मिलने से हंगामा शुरू हो गया। कर्मचारियों ने साइट न चलने की जानकारी देते हुए उपभोक्ताओं को समझाया और शांत किया। वहीं, अन्य दो एजेंसियों पर भी साइट बंद होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने कहा कि वह गैस बुकिंंग के आधार पर पर्ची लेने आए थे लेकिन कर्मचारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष की क्लोजिंग के चलते सॉफ्टवेयर अपडेट किया जा रहा है। इस कारण साइट नहीं चल रही है। इसके बाद कई लोग दूसरी एजेंसी पर अपने कनेक्शन ट्रांसफर करने की मांग करने लगे। इस कर्मचारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। सरधना-बिनौली सड़क स्थित भारत बालाजी गैस एजेंसी और नानू मेरठ सड़क पर एमएस सरधना इंडेन सेवा पर भी साइट बंद रही, जिससे उपभोक्ताओं को घर लौटना पड़ा। वहीं, तहसील सड़क स्थित एचपी गैस पालीवाल एजेंसी पर साइट सुचारू रूप से चल रही थी। हालांकि वहां भी थोड़ी देर के लिए तकनीकी परेशानी आई। एजेंसी संचालकों ने बताया कि जैसे ही सॉफ्टवेयर अपडेट पूरा होगा, पर्ची वितरण और सिलिंडर आपूर्ति सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी। उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया कि वह धैर्य बनाए रखें और जल्द ही गैस सिलिंडर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।