मेरठ। नवरात्र में कुट्टू का आटा खाने से बागपत रोड, भोला रोड, मलियाना के 50 से अधिक लोग बीमार हो गए। 20 लोगों को बागपत रोड स्थित सिरोही अस्पताल और 30 से अधिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमार होने वालों में पुरुषों के अलावा बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।
लोगों ने बताया कि उन्होंने शाम के समय कुट्टू की पकौड़ी और रोटियां खाई थीं। थोड़ी देर बाद ही तबीयत बिगड़ने लगी। मलियाना निवासी ईश्वर सिंह उनकी पत्नी श्यामो, मलियाना बिजलीघर निवासी नितिन उसकी पत्नी रचना, बारह साल के बेटे लक्ष्य आदि को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ईश्वर सिंह के बेटे राहुल ने बताया कि कुट्टू का आटा खाने से परिजनों का हालत बिगड़ी है। मोहकमपुर से वह कुट्टू का आटा लाया था। रचना का भी कहना है कि मोहल्ले से ही दुकान से कुट्टू का आटा लाई थी। कुट्टू की पकौड़ी खाने के बाद परिजन बीमार हो गए। पेट में तेज दर्द के साथ उल्टियां होने लगीं। ब्रहमपुरी निवासी देवी शरण, रेखा, रेनू को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर का कहना है कि कुट्टू का पुराना आटा खाने से फूड प्वाइजनिंग हुई है।