मेरठ। अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी मैच में आज रविवार को उत्तर प्रदेश और सौराष्ट्र की टीम भामाशाह क्रिकेट मैदान में आमने-सामने होंगी। मैच से एक दिन पूर्व दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान में बल्लेबाजी, क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजी का कड़ा अभ्यास किया। चार दिवसीय मैच रविवार सुबह 9:30 पर मैच शुरू हो जाएगा। वहीं, बीसीसीआई की ओर से अंडर-19 और अंडर 23 के मैचों में किए गए नए बदलाव से यह मैच और भी रोमांचक होने की उम्मीद है। नए नियमों के अनुसार इस मैच में कोई टॉस नहीं होगा। मेहमान टीम के पास यह मौका होगा कि वह अपनी पसंद से पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी का चुनाव करे। जो निर्णय मेहमान टीम यानी सौराष्ट्र की टीम लेगी, वही मान्य होगा।
शनिवार को दोनों टीम सुबह 9 बजे भामाशाह क्रिकेट मैदान में पहुंची। खिलाड़ियों ने पहले वार्मअप एक्सरसाइज की। इसके बाद बल्लेबाजी और गेंदबाजी का अभ्यास किया। दोनों ही टीमों के कोचों ने खिलाड़ियों को कैचिंग प्रैक्टिस व क्षेत्ररक्षण का भी अभ्यास कराया। यूपी की टीम के हेड कोच विक्रम जीत शास्त्री ने सभी खिलाड़ियों को टिप्स दिए और जो कमियां हैं, उन्हें दूर कराया। यूपी की ओर से समीर रिजवी, कप्तान आराध्य यादव, आदर्श, मानव सिंधु, रितुराज शर्मा समेत सभी खिलाड़ियों ने जमकर अभ्यास किया। वहीं, ऋषभ बंसल, प्रशांत वीर, अजय कुमार आदि खिलाड़ियों ने गेंदबाजी का अभ्यास किया।
सौराष्ट्र की टीम के हेड कोच राकेश धु्रव ने पूरी टीम को अभ्यास कराया। इस दौरान कप्तान हेत्विक कोटक ने जमकर बल्लेबाजी की। इसके अलावा रक्षित, अंश गोसाई आदि ने भी जमकर नेट में बल्लेबाजी की। वहीं गेंदबाजी में तीर्थराज जड़ेजा, समर आदि ने खूब हाथ आजमाया। इस दौरान टीम के कोच संदीप, सहायक कोच उबेद आदि ने भी खिलाड़ियों को टिप्स दिए।
नए नियमों के तहत नहीं होगा टॉस
अंडर-23 ट्रॉफी में बीसीसीआई की ओर से टॉस प्रक्रिया को खत्म कर दिया गया है। इससे मैच में भी और भी रोमांच आने की उम्मीद है। भामाशाह क्रिकेट मैदान की पिच की बात करें तो यह मैच के पहले दो दिन बल्लेबाजी के लिए काफी अनुकूल रहेगी। इसके बाद टर्निंग ट्रैक हो जाएगा जो गेंदबाजों को मदद करेगा। इस हिसाब से जो टीम पहले बल्लेबाजी करती है उसके पास मैच में बढ़त बनाने का अधिक चांस होगा। अब अंडर-23 में हुए नए बदलाव से यह चांस सौराष्ट्र की टीम के पास होगा। अब देखना यह है कि टीम की ओर से पहले क्या चुना जाता है। एमडीसीए सचिव सुरेंद्र चौहान ने बताया कि नए नियमों के आधार पर अब जो भी मेहमान टीम होगी उसका निर्णय होगा कि वह बल्लेबाजी करती है या गेंदबाजी। उन्होंने बताया कि मैच सुबह 9:30 पर शुरू हो जाएगा। इसे लेकर मैदान में पूरी तैयारी कर ली गई है।
यूपी टीम के सदस्य : आराध्य यादव, रितुराज शर्मा, समीर रिजवी, आदर्श सिंह, काव्य तेवतिया, मानव सिंधु, यशोवर्धन, शोएब, प्रशांतवीर, विजय यादव, शुभम मिश्रा, ऋषभ बंसल, कुणाल त्यागी, अजय कुमार, रोहित द्विवेदी, अब्दुल रहमान शामिल हैं।
सौराष्ट्र की टीम के सदस्य : हेत्विक कोटक, रक्षित मेहता, प्रशाम राजदेव, दक्ष भिंडी, अंश गोसाई, भाग्यराज, स्मितराज, नील, धर्मारादित्य, आदित्यासिन्ह जड़ेजा, तीरथराज, धरम, नाम्या, समर, रिजवान, चंद्रराज राठौड़।