दौराला। दौराला-लावड़ मार्ग पर जैनपुर गांव के सामने शनिवार देर रात कार-बाइक व साइकिल में टक्कर हो गई। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। घायल को अस्पताल ले जाया गया। परंतु, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि थाना किला परीक्षितगढ़ के ऐंची खुर्द गांव निवासी सुनील तोमर (30) बाइक पर सवार होकर दौराला से लावड़ की ओर जा रहा था। वह जैनपुर गांव के पास पहुंचा तो उसकी बाइक व एक साइकिल में अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार और साइकिल सवार दिव्यांग युवक समौली निवासी गजराज घायल हो गए। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, चिकित्सकों ने बाइक सवार सुनील तोमर को मृत घोषित कर दिया। मृतक के मोबाइल की मदद से पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन दौराला थाने पहुंचे। अभी घटना में कोई तहरीर नहीं दी गई है।