बिजनौर। सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जनपद ही नहीं बल्कि बाहरी जिलों से भी पुलिस फोर्स को बुलाया गया है। सीएम का काफिला पहुंचने के वक्त चक्कर रोड पर ट्रैफिक को कुछ समय के लिए बंद किया जाएगा।
आज शुक्रवार को सुबह 11 बजे चक्कर रोड स्थित जेवीएस फार्म में सीएम योगी का कार्यक्रम होना तय है। इस कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संवाद करेंगे। बता दें कि बिजनौर लोकसभा सीट पर गठबंधन प्रत्याशी के तौर पर रालोद से चंदन चौहान और नगीना सीट पर भाजपा के ओम कुमार विधायक मैदान में हैं। बिजनौर और नगीना सीट पर भाजपा जीत का आंकड़ा छूने के लिए कोई कसर बाकी छोड़ने के मूड में नहीं है। यही कारण है कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मौजूृदगी में दोनों ही उम्मीदवारों का नामांकन कराया गया। अब नामांकन के दो दिन बाद ही सीएम योगी बिजनौर पहुंच रहे हैं।
एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सिटी संजीव कुमार वाजपेयी, सीओ सिटी संग्राम सिंह ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। वहीं सुरक्षा इंतजामों को लेकर दिशा निर्देश दिए। बताया गया कि कार्यक्रम को लेकर 10 सीओ, 30 निरीक्षक, 120 दरोगा, 450 सिपाही और एक कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। तैनात रहने वाली पुलिस फोर्स में छह सीओ, 15 निरीक्षक, 70 दरोगा और 200 सिपाही बाहरी जनपदों के तैनात रहेंगे।
- सहयोग के तौर पर रोका जाएगा ट्रैफिक
आचार संहिता के चलते ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तो लागू नहीं किया गया है मगर सहयोग के तौर पर उस वक्त ट्रैफिक को रोका जाएगा जब सीएम योगी का काफिला सड़क मार्ग से होकर गुजरेगा। सीएम योगी का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरेगा।