सरूरपुर। क्षेत्र के गांव भूनी में स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने से अपंजीकृत चिकित्सकों में अफरा-तफरी मच गई और टीम के पहुंंचने से पहले ही अपने क्लीनिक बंद कर मौके से फरार हो गए। टीम ने बंद क्लीनिक के बाहर नोटिस छोड़कर लौटना पड़ा।
गांव भूनी में बृहस्पतिवार को सीएचसी प्रभारी डॉ. राघव कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम अपंजीकृत चिकित्सकों की जांच के लिए पहुंची थी। लेकिन अपंजीकृत चिकित्सक टीम के पहुंचने से पहले ही अपने क्लीनिक पर ताला लगाकर चले गए। डॉ. राघव कुमार सिंह ने बताया कि किसी ने सीएमओ के यहां भूनी निवासी चार अपंजीकृत चिकित्सकों के खिलाफ शिकायत की थी।
सीएमओ के आदेश के बाद टीम जांच के लिए पहुंची। लेकिन मौके पर यह सभी क्लीनिक बंद मिले। किसी ने भी नोटिस नहीं लिया। इसके बाद बंद क्लीनिक के अंदर नोटिस डालकर टीम को लौटना पड़ा। अपंजीकृत चिकित्सकों को नोटिस में एक सप्ताह का समय दिया गया है। जिसमें कहा गया है कि तय समय के अंदर वह अपने दस्तावेजों की जांच कराएं। यदि तय समय पर जांच नहीं कराई तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।