राजकीय महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर में मौजूद स्वयंसेवक एवं मुख्य अतिथि
हस्तिनापुर। कस्बे के राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का तीसरा दिन संपन्न हुआ। सुबह प्रार्थना और योगाभ्यास के बाद स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाया। दोपहर में प्रोफेसर ऊषा साहनी ने महिला समानता: संवेदीकरण विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने महिला सशक्तीकरण और लैंगिक समानता पर जोर दिया। प्रोफेसर जितेंद्र कुमार बालियान और डॉ. मोनू सिंह ने उनका स्वागत किया। छात्राओं की एक टीम ने भोजन तैयार कर वितरित किया। सायंकाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, स्वयंसेवकों ने गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में महिला सशक्तीकरण और सामाजिक जागरूकता जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। डॉ. मनोज आर्य, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. विजय वीर का सहयोग रहा।