मेरठ। दुल्हैंडी पर बुधवार को शराब के नशे में धुत युवकों ने कई जगह मारपीट और पथराव कर हुड़दंग मचाया। एक के बाद एक सूचना पर पुलिस दौड़ती रहीं। दिनभर में 342 लोगों का शांतिभंग में चालान किया।
होली में सुरक्षा चाक-चौबंद रखने के लिए शहर को नौ जोन और 29 सेक्टर में बांटा गया था। दो कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, एक कंपनी आरआरएफ, 200 कांस्टेबल, 30 सब इंस्पेक्टर, 6 इंस्पेक्टर तैनात किए गए थे। इसके बावजूद शहर में मारपीट और पथराव के मामले सामने आए। मेडिकल के शेरगढ़ी में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद पथराव हुआ। नौचंदी के ढबाई नगर में भी मारपीट और हंगामा हुआ। पुलिस ने यहां से एक दर्जन युवकों को हिरासत में लिया। कुटी चौराहे पर पथराव ने मौके पर आरोपियों को दबोच लिया।
नौचंदी और मेडिकल में तो शराब के नशे में धुत युवकों ने उत्पात मचाया। पुलिस ने सभी को फटकार लगाई। एडीजी राजीव सभरवाल, आईजी प्रवीण कुमार और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण भ्रमण कर जानकारी लेते रहे। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि कुछ जगह मारपीट की सूचना आई थी। पुलिस ने पहुंचकर शांत कराया। 342 लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है।