कंकरखेड़ा। क्षेत्र के गांव डाबका में बुधवार देर शाम एक प्रत्याशी और उसके समर्थकों के बीच नोकझोंक हो गई। कुछ ग्रामीणों ने प्रत्याशी का विरोध किया। सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच की।
हाईवे स्थित डाबका गांव में बुधवार देर शाम अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने एक पार्षद प्रत्याशी को बूथ कक्ष के अंदर बैठा देखा तो वे भड़क गए। मामला बिगड़ता देख किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कक्ष के अंदर बैठे व्यक्ति से पूछताछ की। उसने बताया कि चुनाव के लिए पोलिंग एजेंटों के फोटो और कागजात जमा कराने के लिए आया था। मगर कुछ ग्रामीण बाहरी लोगों के पहुंचने की बात कहकर हंगामा करने लगे। इस मामले में थाना प्रभारी नीरज मलिक का कहना है कि ग्रामीणों में आपसी विवाद हो गया था। पोलिंग कक्ष के अंदर कोई बैठा नहीं पाया गया है। कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को वीडियो मुहैया कराई है। इसकी जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।