मेरठ। बच्चों को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को प्राथमिक विद्यालय वैश्य अनाथालय नगर क्षेत्र मेरठ के छात्र-छात्राओं को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम का भ्रमण कराया गया। भारतीय खेल प्राधिकरण एवं खेल निदेशालय के निर्देश पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव की पहल पर कार्यक्रम में खेलो इंडिया एथलेटिक्स सेंटर के प्रशिक्षक गौरव त्यागी बच्चों को स्टेडियम लेकर पहुंचे। बच्चों ने पहली बार स्टेडियम के एथलेटिक्स ट्रैक को करीब से देखा और खेलों की बारीकियों को समझा। प्रशिक्षक गौरव त्यागी ने बच्चों को खेलो इंडिया योजना एवं एक जिला-एक खेल योजना की जानकारी दी। उन्होंने एथलेटिक्स से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभ के बारे में भी बताया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव ने बताया कि ट्रैक और स्टेडियम की सुविधाएं देखकर बच्चे बेहद उत्साहित रहे। संवाद