मेरठ। अधिवक्ता रमेशचंद गुप्ता का सोशल मीडिया पर वायरल हुए अश्लील वीडियो और दुष्कर्म के मामले में दौराला पुलिस ने चार्जशीट तैयार कर ली है। तीन दिन के अंदर चार्जशीट सीओ ऑफिस के माध्यम से न्यायालय में दाखिल कर दी जाएगी। पुलिस ने भाजपा नेता अरविंद गुप्ता मारवाड़ी के खिलाफ वारंट के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई, लेकिन कोर्ट ने कहा कि पहले पुलिस उनकी तलाश कर बयान दर्ज करे।
अधिवक्ता का वीडियो वायरल होने के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उसकी सदस्यता समाप्त कर दी थी। रमेशचंद के कई वीडियो सामने आए थे। एक वीडियो में वह ऑफिस में काम करने वाली लड़की के साथ अश्लीलता करते दिख रहे थे। दूसरे वीडियो में वह चेंबर पर टाइपिंग का कार्य करने वाली दूसरी किशोरी के साथ खड़ा थे। अश्लीलता वाला वीडियो वायरल होने के बाद टाइपिंग वाली किशोरी संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। किशोरी के भाई ने दौराला थाने में 27 मई को उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने उसे बरामद करके कोर्ट में 164 के बयान कराए। इसके बाद पुलिस ने रमेश चंद गुप्ता को पॉक्सो एक्ट की धारा में नामजद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में रमेश चंद गुप्ता को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
दो भाजपा नेताओं का भी किशोरी ने नाम लिया था, उनके बारे में जांच चल रही है। अरविंद गुप्ता मारवाड़ी पर यौन शोषण और संजीव गोयल सिक्का पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता के ऑफिस से लैपटॉप और सीपीयू बरामद किया था। अभी तक उनकी फोरेंसिक लैब से रिपोर्ट नहीं आई है। अब इस मामले में दौराला थाने में अधिवक्ता रमेशचंद गुप्ता के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली है। दो से तीन में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी जाएगी। थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा का कहना है कि बयान में किशोरी ने दो नाम लिए थे। अभी तक उनके खिलाफ कोई मजबूत साक्ष्य नहीं मिला है। अधिवक्ता के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली गई है। भाजपा नेता अरविंद गुप्ता मारवाड़ी के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं। अरविंद को बयान दर्जन कराने के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। इस मामले में उच्च अधिकारियों का कहना है कि भाजपा के जिन दो नेताओं पर आरोप लगा गया है, अभी तक उनके खिलाफ सुबूत नहीं मिले हैं। जांच जारी है, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।