संसद में रेल बजट पर हुई चर्चा में हिस्सा लेते हुए नगीना सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि रेलवे की आरआरटीएस योजना फिलहाल मेरठ तक चल रही है। इसे सहारनपुर और उनके लोकसभा क्षेत्र नगीना/ धामपुर तक किया जाए, ताकि रोजगार के लिए प्रतिदिन आवागमन करने वाले व्यापारियों को दिल्ली आने-जाने में आसानी हो सके।
उन्होंने नजीबाबाद से मुंबई तक एक ट्रेन चलाने की मांग की। चंद्रशेखर ने कहा कि नगीना में बड़े स्तर पर हैंडीक्राफ्ट का कार्य होता है। हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों को व्यापार के लिए मुंबई जाना पड़ता है। सांसद ने नगीना- स्योहारा- किरतपुर में प्रस्तावित ओवरब्रिज का बजट शीघ्र पास कराने की मांग की, ताकि लोगों को जाम से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि नगीना में कोतवाली मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम में उन्हें भी कई बार फंसना पड़ा है।
उन्होंने नगीना के कालाखेड़ी व नजीबाबाद के जलालाबाद रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनवाए जाने व नजीबाबाद से दिल्ली के लिए सुबह के समय नई ट्रेन चलवाए जाने की भी मांग की। सांसद ने रेल मंत्री से 12327, 12269, 14239, 12092 व 14649 नंबर की ट्रेनों का ठहराव नगीना स्टेशन पर कराने की मांग भी की।
असुरक्षित हैं महिलाएं
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत नगीना रेलवे स्टेशन पर हो रहे पुनर्निर्माण कार्य में प्लेटफार्म की लंबाई 300 मीटर तक बढ़ाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ट्रेन के आधे डिब्बे प्लेटफार्म के नीचे जंगल में रह जाते हैं, जिससे यात्रियों खासकर महिलाओं को असुरक्षा रहती है।
लोको पायलट के पद भरे जाएं
उन्होंने रेलवे संविदा कर्मियों को स्थायी कराए जाने तथा लोको पायलट के खाली पड़े 14429 पदों को भरे जाने की मांग की। कहा कि यदि यह पद भर जाएं तो रेल हादसों में कमी आएगी।
जनता ने आपको नहीं, मुझे मौका दिया
सांसद ने संसद में रेल मंत्री से चुटकी लेते हुए कहा कि नगीना की जनता ने आपको मौका नहीं दिया बल्कि मुझे जिताकर भेजा है, तो आपको इस बात पर गुस्सा नहीं आना चाहिए। आपका प्यार नगीना के लोगों के साथ बना रहना चाहिए।