केंद्रीय पेट्रोलियम सचिव से पेट्रोल पंप के लिए मांगा निशुल्क इथेनॉल
मेरठ। शहर के कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने केंद्रीय पेट्रोलियम सचिव तरुण कपूर से निशुल्क इथेनॉल दिलाए जाने की मांग की है। दरअसल, केंद्रीय पेट्रोलियम सचिव तरुण कपूर शनिवार को दिल्ली से हरिद्वार जाते समय कुछ देर के लिए मेरठ में रुके थे। वह अपने पिता की अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जा रहे थे। यहां बाईपास पर मोहित सोम ने उनकी अगवानी की। इस दौरान ज्ञानेंद्र चौधरी, संजय कुमार और सचिन सहित कई अन्य पेट्रोल पंप संचालक मौजूद रहे। हरिद्वार से लौटते वक्त वह फिर कुछ देर के लिए मेरठ में रुके और पंप संचालकों से बात की। इन पंप संचालकों का कहना था कि लॉकडाउन में पेट्रोल पंप खुले हैं। फिलहाल वह अपनी ओर से सैनिटाइजर की व्यवस्था संभाले हुए हैं। लेकिन जिस तरह के हालात हैं, उसके बाद आने वाले दिनों में सैनिटाइजर की बेहद सख्त जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इथेनॉल उनके अधिकार क्षेत्र में है। शुगर मिल भी इन दिनों इथेनॉल तैयार करा रही हैं। अगर पेट्रोल पंपों को इथेनॉल मिल जाता है तो वह कोविड-19 के लिहाज से एक मजबूत सुरक्षा खाका पेट्रोल पंपों पर तैयार कर सकेंगे। बताया जा रहा है कि तरुण कपूर ने पेट्रोल पंप संचालकों की मांग पर सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्होंने उन्हें आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिया है।