सीसीएस यूनिवर्सिटी ने गुरुवार को सत्र 2015-16 की मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। संभावित स्कीम के तहत 18 मार्च से परीक्षाएं शुरू होकर 31 मई तक चलेंगी। विवि ने इस परीक्षा कार्यक्रम पर एक सप्ताह के भीतर कॉलेजों से आपत्ति मांगी है ताकि जल्द ही संशोधन किया जा सके। हालांकि अभी विवि परीक्षा फार्म ऑनलाइन भरवाने की प्रक्रिया को भी पूरा नहीं कर सका है। कॉलेजों की ओर से विवि में फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 11 मार्च तय की गई है।
विवि ने सत्र 2015-16 की रेग्युलर, प्राइवेट, एक्स, सिंगल विषय, डिविजन इंप्रूवमेंट और बैक परीक्षा 2015 (वार्षिक प्रणाली पर आधारित) की संभावित डेट शीट जारी कर दी है। विवि अधिकारियों का कहना है कि कॉलेजों से मिली आपत्तियों और सुझाव के आधार पर यदि जरूरी हुआ तो संभावित कार्यक्रम में फेरबदल किया जाएगा। जल्द ही इस प्रक्रिया को अपनाकर संशोधित परीक्षा कार्यक्रम विवि की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। शुरू में उन विषयों की परीक्षा होगी, जिनमें परीक्षार्थी संख्या कम है। 18 मार्च को पहला पेपर बीएससी फिजिकल एजूकेशन हेल्थ एंड स्पोर्ट्स का रखा गया है। आखिरी पेपर 31 मई को होगा। पेपर तीन पालियों में सुबह सात से 10 बजे, 11 से दो बजे और दोपहर तीन से शाम छह बजे तक होंगे।
प्लानिंग अच्छी, अमल चुनौती
विवि ने परीक्षा की स्कीम तो जारी कर दी है, लेकिन इस पर अमल करना चुनौतीपूर्ण है। कॉलेजों में अभी सेमेस्टर परीक्षा चल रही है। कॉलेज उसमें लगे हैं। परीक्षा फार्म भी भरे जा रहे हैं। परीक्षा फार्मों को लेकर छात्रों की समस्या अभी खत्म नहीं हुई है। ऐसे में इस कार्यक्रम का पालन कराना एक चुनौती है। हालांकि हर साल मार्च के अंत में विवि परीक्षा की शुरूआत कर देता है।
पांच लाख से अधिक छात्र
परीक्षा में मेरठ और सहारनपुर मंडल से पांच लाख से अधिक छात्र-छात्राएं बैठने की संभावना है। अभी परीक्षा फार्म भरे जा रहे हैं। करीब तीन लाख छात्र फार्म भर चुके हैं। परीक्षा के लिए विवि को व्यापक तैयारी करनी है। आगामी सत्र को पटरी पर लाने के लिए हर संभव काम किया जा रहा है। इसीलिए जल्द परीक्षा कराने की तैयारी हो रही है।