चौधरी चरण सिंह विवि के स्थापना दिवस पर आयोजित हवन के पश्चात कुलपति एनके तनेजा पर पुष्प वर्षा करते लोग।
मेरठ। किसी भी शिक्षण संस्थान के विकास में शिक्षकों और विद्यार्थियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। छात्र जिस समय विवि में प्रवेश लेता है, वह कच्ची मिट्टी के समान होता है। शिक्षकों द्वारा उसे किसे प्रकार तैयार किया जाए, उनकी दशा व दिशा क्या होगी यह बात शिक्षकों पर ही निर्भर करती है। यह बात चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने कही। उन्होंने कहा कि आज हमारी गिनती देश के बड़े विश्वविद्यालयों में होती है। स्थापना से लेकर आज तक विवि ने निरंतर विकास किया है। आज आवश्यकता है कि गुणवत्ता परक शोध से रोजगार परक शिक्षा पर विशेष बल दें। इससे पहले सुबह को महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने के बाद कुलपति ने सभी के साथ हवन में भाग लिया। इस मौके पर पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान प्रति कुलपति प्रो. वाई विमला, प्रो. जितेंद्र ढाका, प्रो. वीरपाल सिंह, रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा, प्रो. मृदुल गुप्ता, डॉ. रूपनारायण, प्रो. पवन शर्मा, प्रो. योगेंद्र सिंह, प्रो. जगवीर भारद्वाज, प्रो. वाचस्पति मिश्र, डॉ. प्रशांत कुमार आदि मौजूद रहे।