मेरठ। वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षाओं में छात्रों की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए सीबीएसई ने कक्षा 9 वीं और 11 वीं के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिसकी अंतिम तिथि 16 अक्तूबर निर्धारित की गई है।
छात्रों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। स्कूल जिन छात्र का रजिस्ट्रेशन फॉर्म केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को भेजते हैं, सिर्फ उन्हें ही 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने की अनुमति होती है। फॉर्म में दर्ज किए गए विषयों को बोर्ड परीक्षा में शामिल किया जाता है। बोर्ड की ओर से 9 वीं और 11 वीं के छात्रों लिए पंजीकरण प्रक्रिया 18 सितंबर से ही शुरू कर दिए गए थे। बिना लेट फीस 16 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
सहोदय सचिव राहुल केसरवानी ने बताया कि सही समय पर रजिस्ट्रेशन न करने पर लेट फीस का भुगतान करना पड़ेगा। भारतीय छात्रों के लिए बिना लेट फीस रजिस्ट्रेशन शुल्क 300 रुपये। वहीं कक्षा 9 वीं के विदेशी छात्रों के लिए नॉर्मल फीस 500 रुपये और 11 वीं के लिए 600 रुपये है। यदि कोई विद्यार्थी 16 अक्तूबर बुधवार तक रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने में विफल होता है, तो उसे 2000 रुपये लेट फीस के रूप में भरना होगा। लेट फीस के साथ 24 अक्टूबर 2024 तक रजिस्ट्रेशन फॉर्म भर सकते हैं।
बोर्ड ने सभी स्कूलों को समय पर 9 वीं और 11 वीं के रजिस्ट्रेशन फॉर्म को जमा करने का निर्देश दिया है। रजिस्ट्रेशन फॉर्म में सही और सटीक जानकारी दर्ज करने का निर्देश भी दिया गया है। छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों के लिए गाइडलाइंस जारी की गई है। अतिरिक्त जानकारी के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन भरने की सलाह दी जाती है।