परतापुर। बीती देर रात चोरों ने अछरोंडा मोड पर किराना व्यापारी के मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व आठ हजार रुपये चोरी कर लिए। बृहस्पतिवार शाम घर आने पर घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी। गगोल रोड स्थित अछरौंडा मोड निवासी वीरेंद्र कुमार की गगोल रोड पर किराने की दुकान है। दुकान से करीब 300 मीटर की दूरी पर उनका मकान है। बुधवार शाम वीरेंद्र परिवार के साथ अपने रिश्तेदार को देखने शास्त्रीनगर स्थित अस्पताल गए थे। रिश्तेदार की तबीयत बिगड़ने पर रात में अस्पताल में ही रुक गए थे। रात के समय चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखी लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात व आठ हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन चोरों की पहचान नहीं हो सकी। परतापुर पुलिस का कहना है की तहरीर मिल गई। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद