मीरापुर। बाईपास स्थित बाइक शोरूम की दीवार में कुंबल कर नकदी व सामान चोरी कर लिया। घटना का सुबह पता चलने पर शोरूम स्वामी ने पुलिस को सूचना दी।
जनपद मेरठ के कस्बा मवाना निवासी संदीप त्यागी का बाईपास पर संतोष ऑटोमोबाइल के नाम से हीरो बाइक का शोरूम है। शोरूम स्वामी सोमवार की शाम शोरूम बंद कर चले गए थे। रात में किसी समय चोरों ने शोरूम की दीवार में पीछे से कुंबल कर लिया। मंगलवार की सुबह मैनेजर अरुण ने शोरूम खोला तो अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। अरुण ने मामले की जानकारी शोरूम स्वामी व अन्य कर्मचारियों को दी। शोरूम स्वामी व अन्य कर्मचारियों सूचना पाकर शोरूम पहुंचे। देखने पर पाया कि वहां से तीन लेपटॉप, तीन मोबाइल, 40 हजार रुपये की नकदी व बाइकों के टूल्स, बाइकों के स्पेयर पार्ट्स कैमरों की डीवीआर गायब मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पीड़ित शोरूम स्वामी ने बताया कि करीब चार लाख का नुकसान हुआ है। थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है।