सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव गोटका में धार्मिक स्थान पर लगे झंडे को हटाने वाले आरोपी मनोज व शिवा के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्रामीण नीरज पंवार ने तहरीर में बताया कि तीन दिन पहले गांव निवासी आरोपी मनोज व शिवा धार्मिक स्थल परिसर में आए थे। आरोपियों ने यहां लगे झंडे को हटाकर नीचे गिरा दिया। आरोप है कि आरोपियों ने देवी-देवताओं के बारे में टिप्पणी करते हुए वीडियो भी वायरल किया था। आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि दो समाज के लोगों में धार्मिक स्थल को लेकर पिछले कई साल से विवाद चल रहा है। एक पक्ष भूमि पर मंदिर बनाना चाहता है। जबकि दूसरा पक्ष अंबेडकर की प्रतिमा लगाना चाहता है। एसपी देहात राकेश मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव में शांति का माहौल है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।