मेरठ। छावनी क्षेत्र के बाजारों को स्वच्छ रखने के लिए कैंट बोर्ड ने नई पहल की है। बोर्ड ने अब बाजारों से रात्रि में घर-घर जाकर कूड़ा इकट्ठा करना शुरू किया है। यह व्यवस्था व्यापारियों की शिकायत पर शुरू हुई है। व्यापारियों को दिन में कूड़ा वाहन आने से दुकान खुलने के समय परेशानी होती थी। इस कार्य के लिए दो कूड़ा संग्रहण वाहन लगाए गए हैं। श्रीराम कंस्ट्रक्शन संस्था को घर-घर कूड़ा इकट्ठा करने का ठेका दिया गया है। पर्यवेक्षक दीपक कुमार के अनुसार, हनुमान चौक से शिव चौक और आबूलेन बाजार में सुविधा मिलेगी। रात्रि आठ बजे से ग्यारह बजे तक दो वाहन इन दुकानदारों से कूड़ा एकत्र करेंगे। इस व्यवस्था को शीघ्र ही अन्य बाजारों में भी लागू किया जाएगा। वर्तमान में छावनी क्षेत्र में 16 गाड़ियों से घर-घर कूड़ा उठाया जा रहा है।