मेरठ। सोहराब गेट रोडवेज बस अड्डा एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। जहां रोडवेज के यात्रियों को एसी विश्राम गृह मिलेगा, वहीं एक ही छत के नीचे होटल, अन्य सामान की दुकानें भी मिलेंगी। इतना ही नहीं वाहन खड़े करने के लिए मल्टीलेवल वाहन पार्किंग की भी सुविधा होगी। यूपी सरकार ने इस पर मुहर लगा दी है। पीपीपी मॉडल पर रोडवेज अड्डे को विकसित किया जाएगा।
मेरठ सोहराब गेट बस अड्डे को मॉडल एयरपोर्ट की तरफ विकसित करने पर 60 करोड़ से अधिक बजट खर्च होगा। पूर्व में इस कार्य योजना के तहत टेंडर प्रक्रिया होनी थी, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते नहीं हो पाई थी। अब मंगलवार को योगी कैबिनेट की बैठक में 16 जिलों के 18 बस स्टैंड के निविदा पत्र के प्रावधानों को मंजूरी दे दी गई। गाजियाबाद समेत पांच बस स्टैंड को बस पोर्ट में तैयार करने के लिए फर्म का चयन हो गया है। आगामी दिनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका शिलान्यास करेंगे।
परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने कैबिनेट निर्णय की जानकारी देते हुए बताया है कि बुलंदशहर और सोहराब गेट बस अड्डे को एयरपोर्ट की तर्ज पर बस पोर्ट बनाने प्रस्ताव मंजूर किया है। गाजियाबाद के साहिबाबाद, आगरा के ट्रांसपोर्ट नगर और ईदगाह, मथुरा के पुराना बस स्टैंड, कानपुर के कानपुर सेंट्रल (झकरकटी), वाराणसी के कैंट, प्रयागराज के जीरो रोड और लखनऊ के अमौसी बस स्टैंड को पीपीपी मोड पर बस पोर्ट विकसित करने का प्रस्ताव मंजूर किया है। लखनऊ के चारबाग, अलीगढ़ के रसूलाबाद, गोरखपुर के गोरखपुर, अयोध्या के अयोध्याधाम, बरेली के सैटेलाइट, रायबरेली और मिर्जापुर में बस पोर्ट के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया है।
सोहराब गेट से उप्र के कई शहरों के लिए चलती हैं बस
शहर में गढ़ रोड पर सोहराब गेट बस अड्डा है। यहां से उप्र की राजधानी लखनऊ, अलीगढ, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, लखनऊ, गौरखपुर, कानपुर, इलाहाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, खुर्जा, मथुरा, आगरा समेत कई बड़े शहरों के लिए रोडवेज बस संचालित होती हैं। प्रतिदिन काफी संख्या में यात्री रोडवेज बसों में यात्रा करते हैं। अभी तक सोहराब गेट बस अड्डे पर यात्रियों के लिए उचित विश्राम गृह, पीने के पानी की व्यवस्था, वाहन पार्किंग, शौचालय आदि की उचित व्यवस्था नहीं है। नई योजना के तहत जहां बस अड्डे का स्वरूप बदल जाएगा, वहीं यात्रियाें को भी सुविधाएं मिलेंगी।
अंडर ग्राउंड होगा बस अड्डा, ऊपर होगा बाजार
सोहराब गेट बस अड्डे के नए स्वरूप के मुताबिक अंडर ग्राउंड बस अड्डा होगा, जिससे सड़क पर बसें खड़ी करके यात्रियों को बैठाने पर लगने वाले जाम से जनता को राहत मिलेगी। मल्टीलेवल वाहन पार्किंग पर लोगों के वाहन सुरक्षित रहेंगे। एसी विश्राम गृह में यात्रियों को फ्री वाईफाई सुविधा मिलेगी। स्वच्छ व ठंडा पीने का पानी, जगह जगह टीवी व सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसी परिसर में ऊपर कॉम्पलेक्स होगा। होटल समेत कई प्रकार के सामान की दुकानें होंगी। बस अड्डे से सिटी बसों को लिंक किया जाएगा। इतना ही नहीं आसपास के बाजारों का कारोबार भी बढ़ेगा।
शहर के लिए बड़ी सौगात
सोहराब गेट रोडवेज बस अड्डे के एआरएम राकेश कुमार का कहना है कि कैबिनेट में पास प्रस्ताव की जानकारी तो नहीं है। इतना जरूर है कि जिस प्रकार से सोहराब गेट रोडवेज बस अड्डे को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित करने की कार्य योजना है, इससे शहर की भव्यता बढ़ेगी। साथ ही पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा। शहर के लिए यह बड़ी सौगात है।