मवाना। ब्याज पर लिए करीब 84 लाख रुपये वापस करने के बावजूद व्यापारी को आरोपियों द्वारा उसके बीवी-बच्चों को उठाकर ले जाने तथा जान से मारने की धमकी मिल रही है। व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
गोल्डन रेवेन्यू निवासी अनिल कुमार गुप्ता ने तहरीर में बताया कि उसका गाड़ी अलाइनमेंट और गाड़ी वाॅशिंग का काम है। उसने किसी मजबूरीवश आठ लोगों से पांच प्रतिशत ब्याज पर करीब 84.30 लाख रुपये लिए थे। परंतु उक्त लोगों द्वारा उससे 20 से 30 प्रतिशत ब्याज की मांग की जाने लगी तो उसने परेशान होकर अपनी संपत्ति बेचकर लिखित में इनका पैसा वापस कर दिया, लेकिन आरोपी उसकी दुकान व मकान पर आकर परेशान कर रहे हैं। वह दबंग किस्म के लोग हैं।
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे आरोपी उसकी दुकान बंद होने पर उसके भाई टोनी की दुकान पर पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। आरोपियों ने भाई से उसके बारे में पूछा और कहा कि उससे और पैसे लेने हैं। टोनी ने सभी रुपये लौटा दिए जाने की बात कही तो आरोपियों ने बीवी-बच्चों को उठाकर ले जाने तथा शनिवार तक पैसा नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। आरोपियों की धमकी से वह बहुत घबराया हुआ है। आरोपियों द्वारा लगातार फोन पर धमकी दी जा रही हैं। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस।