फलावदा। पुराना बस स्टैंड के समीप दुकान के आगे थूकने का विरोध करने पर आरोपी युवकों ने व्यापारी को मारपीट कर घायल कर दिया। व्यापारी ने तहरीर दी है। पुलिस ने घायल व्यापारी को सीएचसी भेज दिया। कस्बे के पुराने बस स्टैंड के समीप आंबेडकर मार्ग पर एके चश्मा केंद्र के नाम से आशीष की दुकान है। आरोप है कि शनिवार शाम करीब 7:00 बजे वह अपनी दुकान बंद कर रहा था। कुछ युवकों ने उसकी दुकान के आगे थूकना शुरू कर दिया। उसने विरोध किया तो आरोपी युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी प्रकार व्यापारी ने भागकर जान बचाई। पीड़ित थाने पहुंचा तथा चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी। चौकी प्रभारी दरोगा दीपक जायसवाल का कहना है कि घटना की तहरीर मिल गई है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घायल व्यापारी को इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया।