मेरठ में सर्राफा कारोबारियों के बीच बैठे सांसद राजेंद्र अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला
सोने और हीरे के आभूषणों पर एक फीसदी एक्साइज ड्यूटी लगाने के विरोध में सर्राफा कारोबारियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। रविवार को सदर सर्राफा बाजार में भाजपा सांसद के सामने ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्तमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई।
ऑल इंडिया जेम्स एंड ज्वेलरी ट्रेड फेडरेशन और उत्तर प्रदेश सर्राफा व्यापार एसोसिएशन के आह्वान पर दो मार्च से मेरठ समेत पूरे देश में सर्राफा कारोबारियों की हड़ताल चल रही है। रविवार को सांसद राजेंद्र अग्रवाल शहर सर्राफा में बैठक कर रहे व्यापारियों के बीच पहुंचे। सांसद ने कहा कि एक्साइज ड्यूटी लगाने से इंस्पेक्टर राज होने का डर है। पिछली केंद्र सरकार ने भी जब एक्साइज ड्यूटी लगाई थी, तो उन्होंने इसका विरोध किया था, जिसके बाद इसे हटा लिया गया था। इस बार भी वे इसे हटवाएंगे। वित्त मंत्री अरुण जेटली से वार्ता हो चुकी है। 14 और 15 मार्च को बजट प्रस्ताव पर चर्चा होगी। उम्मीद है वित्त मंत्री एक्साइज ड्यूटी वापस ले लेंगे। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी शहर सर्राफा पहुंचे और वित्त मंत्री से बात कर एक्साइज ड्यूटी हटवाने का आश्वासन दिया।
शहर के बाद सांसद सदर सर्राफा बाजार में धरने पर बैठे व्यापारियों से मिले। सदर सर्राफा व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भारद्वाज के नेतृत्व में व्यापारी धरना दे रहे थे। सांसद राजेंद्र अग्रवाल के सामने ही गुस्साए कारोबारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसोसिएशन ने सांसद को वित्त मंत्री के नाम छह सूत्रीय मांग ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वित्त मंत्री से मिलने का समय देने और एक्साइज ड्यूटी वापस लेने की मांग की गई। इस दौरान संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता, विजय आनंद, विपुल सिंघल, सर्वेश सर्राफ, सुनील अग्रवाल, अजय गुप्ता, दलजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
‘एक दिन के लिए बंद हों छावनी के बाजार’
सदर सर्राफा बाजार एसोसिएशन (रजि.) के अध्यक्ष केशव वालिया ने छावनी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सरदार नरेंद्र सिंह और महामंत्री विनोद जायसवाल से भी सर्राफा कारोबारियों के पक्ष में बंद का आह्वान किया। वालिया ने पूरे कैंट के बाजारों में एक दिन के लिए बंद करने की अपील की।