मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने सोमवार को लोहियानगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। पहली कार्रवाई अलीपुर जिजमाना सड़क पर हुई। यहां शहजाद और अमरान बिना नक्शा स्वीकृति कराए कॉलोनी बना रहे थे। यह कॉलोनी करीब 4000 वर्ग गज क्षेत्र में थी। प्राधिकरण ने प्लॉटों की बाउंड्रीवाल, ब्लॉक वाली सड़क और अन्य निर्माण कार्यों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। दूसरी कार्रवाई हापुड़ रोड स्थित फफूंडा क्षेत्र में हुई। यहां हाजी वासिद लगभग 21 हजार वर्गमीटर में अवैध कॉलोनी बसा रहे थे। सोमवार को मेडा की टीम ने सड़क, अस्थायी कार्यालय और प्लॉटों की बाउंड्रीवाल तोड़ी। कच्ची सड़कें और बिजली के खंभे भी ध्वस्त कर दिए गए। तीसरी कार्रवाई पीपलीखेड़ा क्षेत्र में की गई। यहां शरीफ अहमद और कल्लू प्रधान करीब 6000 वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनी बना रहे थे। यहां भी अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए। प्रभारी निकिता सिंह ने बताया कि अवैध कॉलोनी पर मेडा की कार्रवाई जारी रहेगी। ब्यूरो