जानकारी के अनुसार किरतपुर थानाक्षेत्र के बांखरपुर ग्राम निवासी दो सगे भाई शिवम( 22 वर्ष )आशीष (18 वर्ष ) पुत्र देवेंद्र सिंह सोमवार शाम से लापता हो गए थे। परिजनों ने दोनों को काफी तलाश किया लेकिन वे नहीं मिले।
आज सुबह दोनों भाइयों के शव नजदीक के ही गांव गंगावाला के जंगल में पड़े हुए मिले। जानकारी लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
पुलिस के अनुसार एक युवक की हत्या चाकू से गोदकर की गई है जबकि दूसरे को गोली मारी गई है। हत्या को किसने और क्यों अंजाम दिया इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।
परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दो जवान बेटों की मौत पर घर में मातम पसरा है। हालांकि पुलिस जल्द ही हत्या के खुलासे की बात कह रही है।