मेरठ। भैसाली मैदान में मंगलवार रात रावण पुतला दहन के दौरान कहासुनी को लेकर एक युवक ने बाउंसर की गर्दन में बोतल घोंप दी और फरार हो गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सदर बाजार थाना क्षेत्र में काली मंदिर के पास रहने वाला आशीष गिरी (35) बाउंसर का काम करता है। मंगलवार रात वह भैसाली मैदान में रामलीला मंचन में ड्यूटी कर रहा था। रावण पुतला दहन के दौरान लोगों को पुतले के पास जाने से रोकने के दौरान उसकी एक युवक से कहासुनी हो गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। पुतला दहन के बाद मनीष घर जा रहा था। भैसाली बस अड्डे के पास तभी युवक ने टूटी बोतल उसकी गर्दन में घोंप दी और आरोपी फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सदर थाना प्रभारी शशांक द्विवेदी ने बताया कि युवक को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। आरोपी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, उसे तलाश किया जा रहा था। संवाद