मौसम में अभी उतार चढ़ाव का दौर जारी है। कभी धुंध और उमस लोगों को परेशान कर रही है। तो कभी बूंदाबांदी से कुछ राहत मिल रही है। सोमवार सुबह बूंदाबांदी से लोगों को राहत मिली, लेकिन दोपहर में गर्मी से परेशान हो गए। पारा भी करीब 3 डिग्री चढ़ गया। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 70 व न्यूनतम 50 प्रतिशत दर्ज की गई। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम होने के कारण यहां पर अच्छी बारिश नहीं हुई है। अभी मौसम ऐसे ही बना रहेगा। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी मौसम ऐसे ही बना रहेगा। मंगलवार को आसमान पर आंशिक बादल रहेंगे, लेकिन अच्छी बारिश के आसार नहीं बन रहे हैं। तापमान 40 से नीचे रहेगा। उमस बनी रहेगी।