खेड़ा कुरतान में किशोर का शव मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण। संवाद
कांधला। गांव खेड़ा कुर्तान में लापता 16 वर्षीय किशोर का शव ईख के खेत में पॉपुलर के पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ी गली अवस्था में था। पुलिस का कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले दो भाइयों में कहासुनी हुई थी। इसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली। परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई।
गांव खेड़ा कुर्तान निवासी वैसर के बड़े पुत्र आस मोहम्मद और छोटे पुत्र जान मोहम्मद के बीच 28 सितंबर को सुबह खेत से चारा लाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद जान मोहम्मद घर से बिना बताए गायब हो गया था। परिजनों के तलाश करने पर भी जब कहीं नहीं चल पाया था। वैसर ने थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार को गांव निवासी किसान अनुज चौहान अपने ईख के खेत में पानी चलाने गया तो उसे दुर्गंध आई। उसने पॉपुलर के पेड़ पर किशोर का शव फंदे पर सड़ी गली हालत में लटका हुआ पाया। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पुलिस व फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। परिजनों ने किशोर के कपड़ों से उसकी शिनाख्त की। सीओ अमरदीप मौर्य ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि भाई से कहासुसनी के बाद किशोर ने आत्महत्या की है। परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
खेड़ा कुरतान में किशोर का शव मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण। संवाद