सरधना। नगर के मोहल्ला ईदगाह बस्ती धर्मपुरी में शादी के मंढ़े के दौरान दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। जमकर धारदार हथियार चले और पथराव हुआ। संघर्ष में महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां कई घायलों की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है।
मोहल्ला ईदगाह बस्ती धर्मपुरी निवासी रियाजुद्दीन पुत्र अब्दुल अजीज ने तहरीर में बताया कि शनिवार देर रात उसके घर में शादी के मंढ़े का कार्यक्रम चल रहा था। परिजन डीजे पर नाच रहे थे। मोहल्ला निवासी आरोपी लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान जमकर धारदार हथियार चले व पथराव हुआ। इसमें रियाजुद्दीन, हसीन, नसीमा, गुलिस्ता, अलाउद्दीन, रुखसाना व बानो, कैफ पुत्र सलीम, रुखसार व शायना गंभीर रूप से घायल हो गए।
जबकि जुबैर पक्ष का आरोप है कि वह बाजार से होकर घर जा रहा था। मंढ़े के दौरान रास्ते में डीजे बज रहा था। निकलते समय वहां नाच रहे युवकों ने उसके साथ गाली गलौज कर दी। विरोध पर रास्ते में गिराकर जमकर मारपीट की। सूचना पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट कर दी। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। गंभीर हालत में कैफ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी प्रताप सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर पर मुकदमा कर कार्रवाई की जा रही है।