भाकियू कार्यकर्ताओं ने सिवाया टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया.
- फोटो : amar ujala
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का धरना लगातार 44वें दिन भी सिवाया टोल प्लाजा पर जारी रहा। भाकियू कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के नेतृत्व व राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर गुरुवार को महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ने बताया कि सरकार जनता को गन्ने की तरह इस्तेमाल कर रही है और बेहिसाब टैक्सों के कोल्हू में पेल रही है। देश की अधिकांश जनता अघोषित दिवालियापन की दहलीज पर खड़ी है और ऊपर से मोदी सरकार जनता को राहत देने के बजाय बर्बाद करने का प्रयास कर रही है।
वहीं महंगाई के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने सिवाया टोल प्लाजा पर ट्रैक्टर से हॉर्न बजाकर व गैस सिलिंडर सिर पर रखकर केंद्र की बहरी सरकार तक महंगाई की आवाज पहुंचाने को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन डीजल-पेट्रोल के दामों में उछाल आ रहा है। रसोई गैस महंगी होने से गरीब-मजदूर की थाली से रोटी छिनती नजर आ रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से जल्द महंगाई कंट्रोल में करने की मांग की। धरने में बबलू जाटौली, मोनू छुर्र, आकाश सिरोही, उज्ज्वल सरूरपुर, गौरव इलमसिंह, विनीत सांगवान, मिन्टू दौरालिया, सुशील कुमार पटेल, निशांत, हर्ष मलिक आदि मौजूद रहे।