मवाना/मेरठ। थाने में भाजपा नेताओं की पिटाई से गुस्साए भाजपाई शनिवार रात दो बजे 15 मिनट तक हवालात में खड़े होकर खुद को जेल भेजने पर अड़ गए। सीओ अभिषेक पटेल ने कार्रवाई का आश्वासन देकर भाजपाइयों को रात ढाई बजे वापस घर भेजा। कार्रवाई न होने से नाराज भाजपाइयों ने राज्यमंत्री दिनेश खटीक और जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा से मुलाकात की।
एसपी देहात मामले की जांच के लिए थाने के सीसीटीवी फुटेज चेक किए और रिपोर्ट एसएसपी को दी। लेकिन रविवार को भी भाजपा नेताओं को पीटने वाले पुलिसकर्मियों व दूसरे पक्ष पर कोई कारवाई नहीं की गई। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि रिपोर्ट का अवलोकर कर कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार देर शाम गुड़ मंडी स्थित मंदिर के विवाद में दो पक्ष थाने पहुंचे थे। थाने के अंदर ही एक दूसरे पर कटाक्ष करने को लेकर दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। इसके बाद जिला सह संयोजक सौरभ शर्मा, ग्राम प्रधान गणेशपुर आशू त्यागी आदि के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इससे क्षेत्र के भाजपाइयों में रोष व्याप्त हो गया। भाजपा कार्यकर्ता व व्यापारी एकत्र होकर थाने पहुंचे तथा धरना देकर बैठ गए। भाजपाइयों ने नारेबाजी करते हुए मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों व दूसरे पक्ष पर कार्रवाई की मांग की।
दोपहर 12 तक कार्रवाई का दिया आश्वासन
सुनवाई न होने पर रात दो बजे के करीब भाजपाई खुद हवालात में खड़े होकर जेल भेजने की मांग करने लगे। रात 2.30 बजे सीओ ने भाजपा कार्यकर्ता मारपीट में चोटिल हुए रोबिन गुप्ता व राहुल को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। सीओ ने दूसरे पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज तथा मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ रविवार दोपहर 12 बजे तक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद ही भाजपाई थाने से वापस लौटे। लेकिन इसके बावजूद रविवार को भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे भाजपाइयों की नाराजगी बरकरार है।
चार दरोगाओं पर भाजपाइयों को पीटने का आरोप
जिलाध्यक्ष और राज्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन कौशिक ने बताया कि शिव कुमार राणा को बताया कि चार दरोगाओं ने थाने में सौरभ शर्मा आदि के साथ मारपीट की। इन दरोगाओं पर कार्रवाई की मांग की गई। जिलाध्यक्ष ने इस संबंध में एसएसपी से वार्ता की तो शाम तक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। एसएसपी के निर्देश पर एसपी देहात राकेश कुमार मिश्र दोपहर 1 बजे थाने पहुंचे। दो घंटे थाने में रहकर थाने की सीसीटीवी फुटेज देखी, पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली। एसपी देहात ने बताया कि वह जांच के लिए आए हैं, रिपोर्ट एसएसपी को देंगे।
पुलिस पर कार्रवाई हुई तो धरना देंगे
मवाना। पूर्व विधायक गोपाल काली ने बयान जारी कर कहा है कि शनिवार को थाना मवाना में हुड़दंगियों ने नारी शक्ति को गालियां देकर अपमानित किया। उन्होंने थाने में ऐसा हुड़दंग कभी नहीं देखा। थाना पुलिस ने हस्तक्षेप कर सराहनीय कार्य किया। वसूली करने वालों पर यदि अंकुश नहीं लगा तो वे सर्वदलीय महापंचायत बुलाएंगे। मवाना पुलिस के खिलाफ किसी उच्चाधिकारी ने कार्रवाई की तो वे तहसील में धरने पर बैठ जाएंगे। 22 अक्तूबर को गैंग की गतिविधियों का खुलासा करेंगे।
इस मामले में एसएसपी से बात की गई है। एसएसपी से कहा गया है कि कानूनी दायरे में कार्यकर्ताओं की मदद व कार्रवाई की जाए। उन्होंने निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शिवकुमार राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष