भरत मिलाप के दौरान राम लक्ष्मण, भरत शत्रुघ्न और रामलीला कमैटी के पदाधिकारी। (मवाना)
मवाना। भगवान श्रीराम लीला कमेटी द्वारा नगर के सुभाष बाजार में भरत मिलाप की परंपरा में श्रीराम व लक्ष्मण, भरत-शत्रुघ्न का मिलाप कार्यक्रम आयोजित हुआ।
रामलीला मैदान प्रीत नगर से राम और लक्ष्मण बने कलाकार रथ पर सवार होकर बैंड बाजों के साथ शोभायात्रा निकालते हुए सुभाष बाजार चौक पर पहुंचे। दूसरी ओर रामलीला मैदान तहसील रोड से रथ पर सवार होकर भरत और शत्रुघ्न श्रीराम से मिलाप करने के लिए नगर के सुभाष बाजार के चौराहे पर पहुंचे। यहां मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अखिल कौशिक द्वारा तिलक लगाकर श्रीराम-लक्ष्मण का भरत मिलाप कराते हुए फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। नगर के लोगों ने पुष्प वर्षा व आतिशबाजी की। इस दौरान सुभाष दीक्षित, डॉ ओमपाल सिंह, संजय शर्मा, राजेंद्र चौहान, योगेंद्र रस्तोगी, शेखर आजाद वाल्मीकि आदि रहे।