हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे शिव भक्तों के लिए योगी सरकार में पहली बार भगवा स्वागत द्वार तैयार किए जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा को लेकर इस बार पुलिस प्रशासन समय से पहले ही तैयारी में जुटा है। हाईवे पर कड़ी सुरक्षा के साथ साफ-सफाई भी जोरों पर है। कांवड़ियों के स्वागत के लिए मोदीपुरम फ्लाईओवर के पास भगवा रंग में स्वागत द्वार तैयार किया गया है। ऐसा ही स्वागत द्वार दादरी और परतापुर बाईपास भी बनाया जा रहा है। स्वागत द्वार पर लाइटों की भी व्यवस्था की जाएगी। वहीं हाईवे पर हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले शिव भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। सीओ दौराला पकंज कुमार सिंह का कहना है कि दादरी में स्वागत द्वार पर काम चल रह है। मोदीपुरम फ्लाईओवर के पास स्वागत द्वार तैयार हो गया है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम है। हाईवे पर पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग भी लगा दी गई है।