संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। कस्बे के मोहल्ला कल्याण सिंह बाईपास निवासी शबनम ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने पड़ोस में रहने वाले मंगलामुखी और उनके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शबनम के अनुसार, 12 अक्तूबर की रात करीब 9.30 बजे यह घटना हुई। रंजिश के चलते मंगलामुखी और 4-5 अज्ञात युवक उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए घर में तोड़ फोड़ की। विरोध करने पर शबनम और उनकी दो बेटियों के साथ मारपीट भी की गई। शोर सुनकर लोग एकत्र हुए तो आरोपियों ने उनसे भी अभद्रता की। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की धमकी दी। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।