मेरठ। महिला जिला अस्पताल में शनिवार को फोकोमेलिया नामक एक दुर्लभ जन्मजात दोष से पीड़ित नवजात शिशु का जन्म हुआ। ऑपरेशन से प्रसव कराने वाली स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. योगिता करवल ने बताया कि इस बीमारी में शिशु के अंग बहुत छोटे हैं। इससे वे धड़ से जुड़े हुए दिखाई देते हैं। इसमें हाथ, पैर, आंख, नाक और कान में भी दोष है। ऐसे शिशु में दिल, रीढ़ की हड्डी के साथ विकासात्मक या मानसिक कमियां भी हो सकती हैं। फोकोमेलिया का प्रमुख कारण गर्भावस्था के दौरान थैलिडोमाइड दवा का प्रयोग है, लेकिन यह वंशानुगत भी हो सकता है। शिशु को एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। ब्यूरो