मुंडाली (मेरठ)। बबीता हत्याकांड में देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्यारोपी मल्खे उर्फ जीतू गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं षड़यंत्रकारी महिला व उसके भाई को भी गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों पर 15 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र सिंह बिसारे ने गांव मऊखास निवासी बबीता पत्नी रमेश की हत्या में वांछित मल्खे उर्फ जीतू पुत्र भूरे कश्यप निवासी खानपुर सराय उर्फ आलमपुर सराय थाना हजरत गढ़ी जनपद संभल हाल पता शहीदी सराय तहसील के पीछे कोतवाली संभल, अस्यंत पुत्र कालू राम निवासी मुरलीपुर व पूजा पत्नी सुरेश निवासी मऊखास को गिरफ्तार किया है। 25 जनवरी को मऊखास निवासी बबीता पत्नी रमेश की अज्ञात लोगों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। थाना मुंडाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान मल्खे उर्फ जीतू, अस्यन्त
व पूजा के नाम प्रकाश में आए।
ये रहा हत्या का कारण
आरोपी पूजा की सगी बहन अमृता मृतका बबीता के सगे देवर की पत्नी थी। कुछ समय पूर्व उसकी बीमारी के कारण मौत हो गई थी, लेकिन आरोपी पूजा को शक था कि अमृता की मौत बीमारी के कारण नहीं हुई है। उसकी मौत मृतका बबीता द्वारा जादू टोना करके ऊपरी हवा के कारण मार दी गई। मृतका बबीता पूजा पाठ व झाड फूंक करती थी।
मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया जीतू
पूजा ने षड़यन्त्र के तहत योजनाबद्ध तरीके से अपने प्रेमी मल्खे उर्फ जीतू व अपने सगे भाई अस्यन्त से बबीता की हत्या करा दी। आरोपी अस्यन्त को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
शातिर किस्म का लुटेरा है जीतू उर्फ मल्खे
इंस्पेक्टर ने बताया कि मल्खे उर्फ जीतू व अस्यन्त पर पूर्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 15-15 हजार का इनाम भी घोषित था। मल्खे उर्फ जीतू शातिर किस्म का लुटेरा है। इसके विरुद्ध पूर्व में लूट के कई मुकदमे अन्य थानों में दर्ज हैं, जिनमें अभियुक्त जेल जा चुका है।