सरूरपुर। थाना क्षेत्र के करनावल निवासी पीड़ित रवि ने तहरीर में बताया कि वह भूनी टोल पर नौकरी करता है। आरोप है कि आरोपियों से कुछ दिन पहले उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस कारण आरोपी उससे रंजिश रखते हैं। बीते सोमवार को वह खेत पर पशुओं का चारा लेने के लिए गया था। आरोपियों ने हथियार लेकर उसके साथ मारपीट का प्रयास किया था। उसने टोल के कंट्रोल रूम में घुसकर जान बचाई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भाग गए थे। घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड हो गई है। आरोप है कि आरोपी तब से उसे धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि रंजिश के चलते दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।