बुढ़ाना। बिजली चोरी पकड़ने पर विभागीय टीम पर एक परिवार के सदस्यों ने हमला बोल दिया, जिसमें विद्युत विभाग के तीन कर्मचारी बबलू, बिट्टू व कमल घायल हो गए। एक कर्मचारी को बंधक भी बना लिया, जिसे सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मुक्त कराया। रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर विद्युत अधिकारियों और कर्मचारियों ने कोतवाली में प्रदर्शन कर धरना दिया।
अवर अभियंता हेतराम के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बुधवार प्रात: बिजली चोरी को लेकर चंधेड़ी रोड़ पर कासिम के मकान पर छापा मारा। वहां केबिल में कट लगाकर बिजली चोरी करता पाया गया। जेई हेतराम ने बताया कि इस मकान में खुर्शीदा पत्नी अकबर के नाम से बिजली का कनेक्शन है। 73 हजार 789 रुपये विद्युत बकाया के कारण कनेक्शन काट दिया गया था। अवर अभियंता के निर्देश पर लाइनमैन ने अवैध केबल हटाने का प्रयास किया तो कासिम व उसके परिवार वालों ने विरोध कर लाठी-डंडों से कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। हमले में तीन कर्मचारी घायल हो गए। लाइनमैन बबलू को आरोपियों ने बंधक बना लिया।
सूचना देने पर कोतवाली पुलिस व यूपी 112 मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बंधक लाइनमैन को मुक्त कराया। विद्युत विभाग की यह टीम रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए कोतवाली पहुंची लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी करने लगी। इससे नाराज विद्युत विभाग के दर्जनों कर्मचारी व अवर अभियंता प्रदर्शन करते हुए कोतवाली में धरने पर बैठ गए।
सूचना मिलते ही सीओ गजेंद्र पाल सिंह कर्मचारियों के बीच पहुंचे। सीओ के आश्वासन पर कर्मचारियों का धरना समाप्त हुआ। सीओ ने बताया कि अवर अभियंता हेतराम की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। इस मौके पर अवर अभियंता हेतराम, पवन कुमार, विकास कुमार, संजय, राजकुमार, सुनील कुमार, ब्रजेश कुमार व अखिलेश आदि कर्मचारी मौजूद रहे।