मेरठ/मोदीपुरम। नेशनल हाईवे-58 पर बृहस्पतिवार को कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर शाम को मोदीपुरम से सुभारती तक हाईवे को वनवे कर दिया गया। वनवे व्यवस्था के बाद हाईवे पर मोदीपुरम से परतापुर तक भीषण जाम लग गया। घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा ट्रैफिक पुलिस के साथ हाईवे पर घंटों वाहनों को निकलवाने में लगे रहे। जाम के कारण सारी व्यवस्था धड़ाम हो गई। डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने हाईवे पर देर रात तक खुद व्यवस्था बनवाई। एसएसपी ने मुख्य कट और चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को शिफ्टवार 24 घंटे तैनात रहने के निर्देश दिए हैं।
कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए मुजफ्फरनगर बार्डर से मोदीपुरम तक हाईवे पर वनवे कर दिया गया था। बृहस्पतिवार को कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के बाद मोदीपुरम से सुभारती तक हाईवे को वनवे करने का निर्णय लिया गया। शाम पांच बजे से वनवे व्यवस्था लागू हुई तो जाम लगता चला गया। दोनों तरफ से वाहन एक लाइन पर होने की वजह से कंकरखेड़ा फ्लाइओवर से लेकर डाबका कट, रोहटा फ्लाइओवर से खड़ौली, बागपत फ्लाईओवर से आरएएफ कट तक भीषण जाम लग गया। तीनों फ्लाईओवर पर तीन से चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा घंटों तक व्यवस्था बनवाने में लगे रहे लेकिन वाहनों की संख्या ज्यादा होने के कारण शाम पांच बजे से रात के 10 बजे तक जगह-जगह जाम लगता रहा। लोगों का कहना है कि हाईवे पर सभी फ्लाइओवर के नीचे से ही कट दिया है। सभी कटों से वाहन हाईवे पर प्रवेश करते हैं, यहीं से हाईवे से नीचे उतरते है। एक ही रास्ते से दोनों तरफ से वाहन चढ़ने और उतरने की वजह से जाम की समस्या बनी हुई है। ऐसे में प्रत्येक कट पर अतिरिक्त पुलिस की व्यवस्था होनी चाहिए।
सर्विस रोड का लिया सहारा, वहां भी फंसे
वनवे व्यवस्था के कारण जाम लगने के बाद वाहन चालकों ने सर्विस रोड का सहारा लिया, लेकिन वहां भी जाम की स्थिति पैदा हो गई, जिस कारण परतापुर से लेकर मोदीपुरम बाइपास तक कई किमी लंबा जाम लगने से वाहन रेंगते हुए नजर आए। जाम में फंसे लोगों का बुरा हाल हो गया।
शहर के भीतर भी कट बंद होने से परेशानी
मेरठ। शहर में कट बंद होने की वजह से यातायात व्यवस्था बिगड़ गई है। लोगों को लंबा रास्ता घूमकर आने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे भीषण जाम लग गया। लोग परेशान हो रहे हैं।
बृहस्पतिवार को बैरिकेडिंग की वजह से हापुड़ अड्डे से लेकर तेजगढ़ी तक जाम की स्थिति बनी रही। भैसाली रोडवेज बस अड्डे से लेकर रेलवे रोड चौराहे तक लंबा जाम रहा। कमिश्नरी पार्क, कॉपरेटिव बैंक चौराहा, गांधी आश्रम चौराहे पर भी लोग जाम में फंसे रहे। ईव्ज चौराहा, खैरनगर, जलीकोठी चौराहा, बच्चा पार्क पर भी जाम की स्थिति बनी रही। दिल्ली रोड पर भी सभी कट बंद कर दिए गए हैं, ऐसे में लोगों को थोड़ी सी दूर जाने में भी लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि नगर निगम के कर्मचारियों ने आंखें मूंदकर इतनी जल्दी सारे कट बंद करा दिए हैं।