मेरठ। उत्तर प्रदेश में नौ विधानसभाओं के उप चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा में टिकट की खींचतान तेज हो गई है। क्षेत्रीय कार्यालय से टिकट के तीन दावेदारों के नाम पार्टी नेतृत्व के पास पहुंच गए हैं। ऐसे में टिकट की घोषणा के लिए पार्टी नेतृत्व पर निगाह लगी हुई है। पार्टी दो-तीन दिन में प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है।
उत्तर प्रदेश में जिन नौ सीटों पर विधानसभा उप चुनाव होने हैं, उनमें से गाजियाबाद और मीरापुर सीटें पश्चिम क्षेत्र के अंतर्गत आती है। इनमें से मुजफ्फरनगर जनपद की एक सीट मीरापुर का रालोद के कोटे में जाना तय माना जा रहा है। मीरापुर विधायक रहे चंदन चौहान का रालोद-भाजपा गठबंधन से बिजनौर लोकसभा सीट से सांसद बन जाने के कारण यह सीट खाली हो गई। इसी तरह से गाजियाबाद शहर सीट के विधायक अतुल गर्ग के गाजियाबाद से सांसद बनने के बाद सीट खाली हुई है। गाजियाबाद सीट पर भाजपा प्रत्याशी का चुनाव लड़ना तय है। इस सीट से टिकट के दावेदारों की लंबी लाइन है। जिला और क्षेत्रीय स्तर से टिकट के तीन दावेदारों के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जा चुके हैं। इन नामों को लेकर दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के बीच चर्चा हो चुकी है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि उप चुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा। ऐसे में पार्टी दो-तीन दिन में अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है।