कुश्ती में प्रथम स्थान प्राप्त अर्जुन बैसला को सम्मानित शिक्षक स्रोत स्कूल
हस्तिनापुर। विद्या भारती जन शिक्षा समिति द्वारा संचालित सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र अर्जुन बैसला ने अमरोहा में हुई कुश्ती में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य संदीप कुमार ने बताया कि बुधवार को अमरोहा के सैद नगली स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजित क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में कस्बे के सरस्वती शिशु मंदिर के कक्षा चार के छात्र अर्जुन बैंसला निवासी रहमापुर ने 33 किलोग्राम कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड उत्तर प्रदेश के मेरठ प्रांत के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यालय पहुंचने पर छात्र अर्जुन का विद्यालय के प्रबंधक विद्यासागर जैन एवं प्रधानाचार्य संदीप कुमार ने ट्राॅफी देकर सम्मान किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक पंकज कुमार, नवीन, मधुबाला, डिंपल कर्णवाल, राजेश रानी, कुमकुम, माही आदि मौजूद रहे।