हस्तिनापुर (मेरठ)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से 16 अक्तूबर से शुरू होने वाली कर्नल सीके नायडू अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हस्तिनापुर के गांव रानी नगला निवासी अनुराग पोसवाल का चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की टीम के कैंप के लिए किया गया है। हस्तिनापुर के गांव रानी नंगला के मूल निवासी अनुराग ने बताया कि उन्होंने क्रिकेट का प्रशिक्षण मेरठ के विक्टोरिया पार्क में कोच संजय रस्तोगी व मोहम्मद शाहिद से प्राप्त किया है। क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार कड़े अभ्यास और परिश्रम के बाद उन्हें यह मुकाम हासिल हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के लिए खेलना उनका एक सपना है। उन्होंने बताया कि यूपी टीम के कोच ज्ञानेंद्र पांडेय के निर्देशन में उनकी टीम 16 अक्तूबर को बिलासपुर में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पहला मैच खेलेगी।