सरधना कोतवाली पर नानू में पशुचर भूमि के विवाद में पुलिस के सामने होती हाथापाई।
- फोटो : SARDANA
सरधना। नानू गांव में पशुचर की साड़े तीन सौ गज भूमि को लेकर दो पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। कंकरखेड़ा निवासी रामभूल सिंह ने छह माह पूर्व करनाल हाईवे पर 350 गज भूमि 27 लाख रुपये में खरीदी थी। बयाने के रूप में पांच लाख रुपये का चेक दिया। छानबीन की तो पता चला उक्त भूमि पशुचर की है। जिसके बाद उसने विरोध जताते हुए भूमि खरीदने से इंकार किया और पांच लाख रुपये वापस मांगे। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने रुपये लौटाने से इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित शिकायत करने थाने पहुंचा। पुलिस ने दूसरे पक्ष को भी बुला लिया। बातचीत के दौरान दोनों पक्ष भिड़ गए। पुलिस के सामने गाली गलौज, हाथापाई हुई। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया। कुछ जिम्मेदार लोगों ने फैसले की पहल शुरू की। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है।