शामली। तेज रफ्तार कार की टक्कर से कपड़ा व्यापारी योगेश की मौत के बाद शव को ई रिक्शा में अमानवीय तरीके से ले जाने मामले में एसपी ने सीओ को पूरे मामले की जांच सौंप दी है। वहीं पुलिस आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
गांव उमरपुर निवासी योगेश कश्यप ( 35 वर्ष) पुत्र सोमबीर कश्यप की सोमवार को पुलिस चौकी के कार की टक्कर से मौत हो गई थी। शव को अमानवीय ढंग से ई-रिक्शा में ले जाया गया। इस दौरान शव के पैर सड़क पर घिसटते हुए जा रहे थे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में पुलिस वाले भी दिखाई दे रहे है। इस अमानवीयता में पुलिस कठघरे में खड़ी है। लेकिन आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई अभी तक नहीं हुई। एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है। अमानवीयता दिखाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर सोमवार की देर रात व्यापारी के शव का गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को पुलिस ने आरोपी कार चालक सहारनपुर के फतेहपुर निवासी रजत कुमार पुत्र जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है। मृतक व्यापारी के परिवार में पत्नी के अलावा 12 साल का बेटा है।