सरधना। गांव चकबंदी निवासी महिला ने गांव के ही युवक पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। पीड़िता मूर्ति देवी पत्नी ओमी ने बताया कि 27 जनवरी की रात पड़ोसी का बेटा गाली गलौज कर रहा था। बीचबचाव करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट कर दी, जिससे उसे चोटें आईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। आरोप है कि बृहस्पतिवार की सुबह आरोपी दोबारा महिला के घर में घुस आया और तहरीर वापस लेने का दबाव बनाते हुए धमकी दी। पीड़िता ने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।