आरोपियों ने पीड़ित पक्ष पर पहले खेत पर की मारपीट, फिर घर में घुसकर किया हमला
पुलिस बोली, खेत पर हुई दोनों पक्षोें में मारपीट, बुजुर्ग को दो बार आ चुका है हार्टअटैक
संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। थाना क्षेत्र के गांव मोड़ खुर्द में खेत में पानी चलाने को लेकर हुए विवाद में 62 वर्षीय किसान की मौत हो गई। परिजनों ने दूसरे पक्ष के पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने पहले खेत में मारपीट की, फिर घर में घुसकर हमला किया। थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में खेत पर मारपीट हुई है। बुजुर्ग को दो बार हार्टअटैक आ चुका है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोड़ खुर्द गांव के रहने वाले नसीब अली के खेत मोड़ कलां के जंगल में है। शनिवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने खेतों में पानी चला रहा था। तभी पड़ोसी खेत मालिक समेत पांच लोग वहां पहुंचे और अपने खेत में पानी चलाने के लिए कहने लगे। आरोप है कि नसीब ने विरोध किया तो इन लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। उसने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने गांव में बाइक पर आ रहे नसीब अली के चचेरे भाई इरशाद को रोक लिया। उसके साथ भी मारपीट की। वह हमलावरों से छूटकर अपने घर पहुंचा तो आरोपी वहां भी आ धमके।
आरोपियों ने परिवार की महिलाओं पर भी हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अब्बास पर लाठी-डंडों से वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से अब्बास की मौत हो गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। आरोपियों की तलाश में उनके घरों पर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिले। अब्बास के पुत्र इरशाद ने थाने में तहरीर दी।
परिजनों का रोकर बुरा हाल
अब्बास के पांच पुत्र अरशद, इरशाद उर्फ भूरा, शेरजहां, महताब और नईम हैं। अरशद और शेरजहान अपनी डीसीएम गाड़ी भाड़े पर चलाते हैं। जबकि बाकी तीनों भाई खेतीबाड़ी करतेे हैं। अब्बास की मौत के बाद परिजनों का रोते हुए बुरा हाल हो गया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। गमगीन माहौल के बीच कब्रिस्तान में शव दफनाया गया।