मेरठ। बहुजन समाज पार्टी से महापौर प्रत्याशी हशमत मलिक को घोषित किया जा चुका है, लेकिन बुधवार को पूर्व सांसद शाहिद अखलाक के भाई राशिद अखलाक ने बसपा से ही नामांकन के लिए पर्चा खरीदा है। उनके अलावा दारा सिंह प्रजापति ने पर्चा खरीदा है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद अखलाक द्वारा पर्चा खरीदे जाने को लेकर राजनीतिक गलियारे में हलचल पैदा हो गई। यह चर्चा तेज हो गई कि कहीं बसपा अंतिम समय प्रत्याशी बदलने की रणनीति तो नहीं बना रही है।
बसपा के मंडल कोऑर्डिनेटर प्रशांत गौतम, सतपाल पेपला, जिलाध्यक्ष मोहित आनंद ने मंगलवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर खड़े होकर हशमत मलिक को महापौर प्रत्याशी घोषित करते हुए फोटो वायरल किया था। बुधवार को मीडिया में खबरें प्रकाशित होते ही मेरठ की राजनीति में हलचल मच गई। घोषित बसपा प्रत्याशी ने मीडिया के फोन तक नहीं उठाए। वहीं बुधवार को राशिद अखलाक और दारा सिंह प्रजापति ने कलक्ट्रेट में बसपा प्रत्याशी होने का दावा करते हुए नामांकन पत्र खरीद लिए। दोनों ही नेताओं का नाम काफी समय से बसपा के संभावित महापौर प्रत्याशी के रूप में चल रहा था। अब कयास यही लगाया जा रहा है कि कहीं न कहीं बसपा से महापौर का टिकट बदल जा सकता है।
हमें भी सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि बसपा के नाम पर पूर्व सांसद राशिद अखलाक और दारा सिंह प्रजापति ने भी नामांकन पत्र खरीदा है। पार्टी में इनके नामों को लेकर कोई जानकारी नहीं है। बसपा ने महापौर प्रत्याशी के रूप में हशमत मलिक को ही घोषित किया है। - मोहित आनंद, जिलाध्यक्ष बसपा