लावड़ - दिल्ली एंबेसी में ईरान युद्ध में घायलों के लिए धनराशि सौंपते लावड़ के लोग। स्रोत : स्वय
लावड़। कस्बे के सुन्नी और शिया समुदाय ने ईरान में युद्ध पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता भेजी। उन्होंने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए यह मदद की। अंजुमने हुसैनी के नेतृत्व में दर्जनों लोग दिल्ली स्थित ईरानी एंबेसी पहुंचे। वहां उन्होंने राहत राशि सौंपकर अपनी संवेदना व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने अयातुल्लाह सैयद अली खामेनई के प्रतिनिधि अब्दुल हकीम इलाही से मुलाकात की। इलाही ने भारतीय नागरिकों की सहानुभूति और सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी मदद मुश्किल समय में हौसला बढ़ाती है। लावड़ कस्बे के लोगों ने स्वेच्छा से धन एकत्र किया। बच्चों ने भी अपनी गुल्लकों के पैसे और सोने-चांदी के जेवर तक दान कर दिए। कुल 7.22 लाख रुपये की राशि एकत्र की गई, जिसे ईरानी एंबेसी को सौंपा गया। इस दौरान तनवीर हसन, हसीन अब्बास, शानू रिजवी, नवाब रिजवी, मिनहाल जैदी, शमीम ज़ैदी, मेहंदी अब्बास, अय्यूब हैदर आदि मौजूद रहे।