लिंग परीक्षण करने वालों पर होगी कार्रवाई : डीएम
मेरठ। डीएम अनिल ढींगरा ने कहा कि लिंग परीक्षण करने वाले अल्ट्रासाउंड केन्द्रों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सरकार की मुखबिर योजना का सदुपयोग करने के लिए कहा है। बुधवार को बचत भवन में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि दो से आठ मार्च के बीच ब्लॉक चिकित्सालय पर आशा, एएनएम तथा आंगनबाड़ी कर्मचारियों का संवेदीकरण कार्यक्रम चलाया जाएगा। 16 से 31 मार्च तक आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। सीडीओ ईशा दुहन ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारियों को संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। वह अपने क्षेत्र के कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों की सूची बनाकर उनको उचित पोषाहार उपलब्ध कराएंगी। एसीएमओ डॉ. पूजा शर्मा ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में छोटी माता, चेचक, हैजा, डेंगू ज्वर, हेपेटाइटिस ए, बी, सी आदि आते हैं। अभियान के तहत लोगों को रोगों के लक्षणों और बचाव के बारे में बताया जाएगा।